
Raipur : सिर पर डाला गिरने से ट्रक ड्राइवर की मौत
रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में एक ढाबे के बाहर ट्रक ड्राइवर की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक तौर पर मामला हत्या का लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की मौत किसी हमले से नहीं, बल्कि हादसे में लगी गंभीर चोट के कारण हुई थी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान चेन्नई निवासी ट्रक ड्राइवर दिनेश के रूप में हुई है। वह शुक्रवार रात विधानसभा क्षेत्र स्थित अंकित प्रकाश कंपनी परिसर में ट्रक में सामान लोड करवा रहा था। इसी दौरान ट्रक का डाला अचानक उसके सिर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, उसे चोट का ज्यादा एहसास नहीं हुआ और उसने इलाज नहीं करवाया।
घटना के बाद ड्राइवर अपने हेल्पर को साथ लेकर उरला थाना क्षेत्र के अन्नपूर्णा ढाबा के पास पहुंचा। रात को उसने वहीं आराम करने के लिए लेटने का फैसला किया। लेकिन सुबह तक सिर में लगी चोट के कारण इंटरनल ब्लीडिंग हो गई और उसकी मौत हो गई।

सुबह ड्राइवर के मुंह और नाक से खून निकलता देख स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान ड्राइवर के साथ मौजूद हेल्पर ने बयान में स्पष्ट किया कि हादसा सामान लोडिंग के दौरान हुआ था।
उरला टीआई रोहित कुमार मालकर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर यह स्पष्ट हो गया है कि मौत दुर्घटना के कारण हुई है। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



