
Kanker: सरकारी दुकान से 70 क्विंटल चावल गायब, 3 साल बाद भी कार्रवाई शून्य
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से सरकारी राशन प्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला गंभीर मामला सामने आया है। भानुप्रतापपुर ब्लॉक के ग्राम मूंगवाल स्थित शासकीय राशन दुकान से 70 क्विंटल चावल गायब होने का खुलासा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि मामला तीन साल पुराना है, लेकिन अब तक न तो दोषियों पर कार्रवाई हुई और न ही चावल का कोई ठोस हिसाब सामने आया।
हितग्राहियों तक पहुंचना था चावल
जानकारी के मुताबिक यह चावल सोसाइटी के माध्यम से राशन कार्डधारियों को वितरित किया जाना था, लेकिन दुकान के सेल्समैन के पास वितरण से जुड़ा कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं है। अधिकारियों को भी इस गड़बड़ी की जानकारी पहले से थी, इसके बावजूद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी।

सेल्समैन का दावा- पहले से कम था स्टॉक
राशन दुकान संचालक परमेश्वर तेता का कहना है कि वह पिछले तीन साल से दुकान चला रहा है और जब उसे प्रभार मिला था, तभी से स्टॉक कम था। उसने इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी दी थी। अब मामले की जांच की बात कही जा रही है।
कलेक्टर बोले- होगी निष्पक्ष जांच
कांकेर कलेक्टर नीलेश महादेव क्षीरसागर ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्राम सरपंच जैसारो कोर्राम ने भी खाद्य विभाग में सेल्समैन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराए जाने की पुष्टि की है।
सवालों के घेरे में खाद्य विभाग
तीन साल तक 70 क्विंटल चावल गायब रहना और कार्रवाई न होना, खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर कब और क्या कार्रवाई होती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



