दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 400 से अधिक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद की हैं। यह कार्रवाई ग्राम सेलुद स्थित धान मंडी के पास की गई।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
उतई थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीले रंग की मोटरसाइकिल में सवार कुछ युवक धान मंडी के पास खड़े होकर नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया।
वैध दस्तावेज नहीं कर सके पेश
पुलिस द्वारा नशीली टेबलेट रखने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन आरोपी कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद नशीली टेबलेट के साथ एक मोबाइल फोन भी जप्त कर लिया गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
उतई थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 22(ख) एवं 8C बीएनएसएस के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नशीली दवाएं कहां से लाई गई थीं और इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।
आरोपियों की पहचान
•त्रिलोकी यादव (27) निवासी ग्राम सेलुद सतनामी पारा, थाना उतई, जिला दुर्ग
•चेमन विश्वकर्मा (20) निवासी इंदिरा नगर कुरूद, थाना कुरूद, जिला धमतरी