
Raipur : श्मशान घाट की पार्किंग में नशे का सौदा, 710 नशीली गोलियों के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत तर्री श्मशान घाट के पास स्थित पार्किंग में नशे का सौदा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एएसपी की टीम ने सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आशीष निर्मलकर, अरमान अहमद और किशोर यादव उर्फ पप्पू बताए। तीनों आरोपी कार में बैठकर ग्राहक का इंतजार कर रहे थे, इसी दौरान टीम ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

710 नशीली टैबलेट और कार जब्त
आरोपियों के कब्जे से कुल 710 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट नाइट्राजेपम (Nitrazepam) बरामद की गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
धमतरी–कुरूद से लाकर बेचने की थी तैयारी
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नशीली गोलियां धमतरी–कुरूद क्षेत्र से लाकर रायपुर में बेचने की फिराक में थे और ग्राहक का इंतजार कर रहे थे।

नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



