
ट्रैक्टर से गिरकर मासूम की मौत, सच छिपाने ड्राइवर ने खाद के गड्ढे में दफनाया शव
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। छुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बिजेपार में ट्रैक्टर से गिरकर एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, लेकिन हादसे की सूचना देने के बजाय ट्रैक्टर चालक ने अपराध छिपाने के लिए बच्चे के शव को खाद के गड्ढे में दफना दिया। पुलिस जांच में इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ है।
ट्रैक्टर से गिरा मासूम, पहिए के नीचे आने से गई जान
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बिजेपार निवासी प्रभात अरकरा ट्रैक्टर में बैठा हुआ था। इसी दौरान वह असंतुलित होकर ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ा और पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ने परिजनों या पुलिस को सूचना देने के बजाय शव को पास के खाद के गड्ढे में दबा दिया।

गुमशुदगी की रिपोर्ट से खुला पूरा मामला
घटना के बाद मासूम के पिता ने अपने बेटे के लापता होने की रिपोर्ट छुरिया थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने जब गहन जांच शुरू की तो मामले की परतें खुलती चली गईं। संदेह के आधार पर पूछताछ में ट्रैक्टर चालक टूट गया और उसने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया।
खाद गड्ढे से बरामद हुआ शव, गांव में मचा हड़कंप
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खाद के गड्ढे से मासूम प्रभात का शव बरामद कर लिया है। शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक जांच और पंचनामा कार्रवाई में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में हत्या, सबूत छिपाने और अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया जा सकता है। फिलहाल आरोपी ट्रैक्टर चालक से सघन पूछताछ जारी है और पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



