
Khairagarh: सड़क किनारे मिला मानव कंकाल, गांव में मची सनसनी
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पैलीमेटा गांव में दारू भट्टी रोड के पास सड़क किनारे मानव कंकाल मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गांव में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
कंकाल मिलने की जानकारी मिलते ही मोहगांव थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और कंकाल को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद कंकाल को पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

लापता ग्रामीण से जुड़ रही आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, पैलीमेटा गांव का ही एक व्यक्ति कई महीनों से लापता है। कंकाल मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि यह उसी लापता ग्रामीण का हो सकता है। इस खबर के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं, वहीं गांव में तरह-तरह की चर्चाएं और कयास लगाए जा रहे हैं। घटना के बाद से गांव में डर का माहौल है। लोग देर रात बाहर निकलने से कतरा रहे हैं।
जांच के बाद ही होगा खुलासा
फिलहाल पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही कंकाल की पहचान और मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। मामले को हर एंगल से जांचा जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



