
हॉस्टल के तीसरी मंजिल से गिरकर गई आदिवासी छात्र की जान, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। भैरमगढ़ स्थित डीएवी हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिरकर एक आदिवासी छात्र की मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान नेलसनार गांव निवासी कोमल कड़ियम के रूप में हुई है, जो कक्षा 11वीं में अध्ययनरत था।
रात को हुआ हादसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8:30 बजे कोमल हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए भैरमगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

हॉस्टल प्रशासन पर उठे गंभीर सवाल
हादसे के बाद हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था कटघरे में है। बताया जा रहा है कि हॉस्टल में न तो CCTV कैमरे लगे हैं और न ही पर्याप्त सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था है। हॉस्टल अधीक्षक के अनुसार, छात्र खाना खाने के बाद छत की ओर गया था, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह तीसरी मंजिल तक कैसे पहुंचा।
जांच में जुटा प्रशासन
हॉस्टल परिसर में पैरापिट दीवार होने के बावजूद छात्र का तीसरी मंजिल से गिरना कई सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



