
बलौदाबाजार में 4 लाख का गांजा जब्त: स्कूटी से तस्करी करते 2 आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए लगभग 4 लाख रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया है। बया पुलिस चौकी और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में स्कूटी से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सूचना पर की गई घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बार इलाके में स्कूटी के माध्यम से गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर 7 जनवरी की रात पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध स्कूटी को रोका, जिस पर सवार दो व्यक्तियों की तलाशी ली गई।
7.938 किलो गांजा बरामद
तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की में छिपाकर रखे गए अलग-अलग पैकेटों से कुल 7.938 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की बाजार कीमत लगभग 3 लाख 96 हजार 900 रुपये बताई गई है।

दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवन थाना क्षेत्र निवासी सूरज सेन उर्फ परसुराम (30) और फलेश साहू (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में चौकी बया, थाना राजादेवरी में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



