
Raigarh: प्लांट कर्मचारियों समेत तीन युवकों की सड़क हादसों में दर्दनाक मौत
रायगढ़। जिले में गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने तीन युवकों की जिंदगी छीन ली। सभी मृतक अलग-अलग प्लांटों में काम करते थे। हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के साथ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। ये हादसे तेज रफ्तार और लापरवाही का नतीजा बताए जा रहे हैं।
पहला हादसा: पुसौर थाना क्षेत्र में ट्रक ने कुचला
पुसौर थाना क्षेत्र के बड़े भंडार के पास दोपहर करीब 1 बजे भयानक हादसा हुआ। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले का रहने वाला 27 वर्षीय अखिलेश सिंह पुसौर ब्लॉक के एक प्लांट में कर्मचारी था। वह अपने एक साथी के साथ बाइक पर चंद्रपुर से रायगढ़ जा रहा था। रास्ते में अचानक बाइक से संतुलन बिगड़ने पर अखिलेश गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। अखिलेश का सिर और शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाइक पर सवार उसके साथी को कोई चोट नहीं आई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुसौर पुलिस टीम पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मामले की गहन जांच की जा रही है।
दूसरा हादसा: पूंजीपथरा क्षेत्र में डंपर से टक्कर
इसी दिन दोपहर करीब 12:30 बजे पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी रोड पर नलवा प्लांट के पहले एक और दर्दनाक हादसा हुआ। दो युवक बाइक पर गेरवानी से पूंजीपथरा की ओर जा रहे थे। वे एक डंपर को ओवरटेक कर रहे थे कि अचानक सामने से आ रहे वाहन को देखकर बाइक असंतुलित हो गई और डंपर से टकरा गई। दोनों युवक डंपर के पहियों के नीचे कुचल गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतकों की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है, लेकिन अनुमान है कि वे औरंगाबाद के रहने वाले थे और किसी प्लांट में काम करते थे। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



