
MCB: इंस्टाग्राम मैसेज पर विवाद, पति ने पत्नी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की
मनेंद्रगढ़। सोशल मीडिया पर आए एक मैसेज को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ साधारण विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नी की जान ले ली। यह सनसनीखेज घटना एमसीबी (मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) जिले के खड़गवां विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लकड़ापारा की है। आरोपी पति ने हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाकर घटना को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में सच सामने आ गया।
इंस्टाग्राम चैट को लेकर बार-बार विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लकड़ापारा निवासी देवनारायण और उसकी पत्नी रवीना के बीच इंस्टाग्राम पर किसी अज्ञात व्यक्ति से बातचीत को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। आरोपी पति का आरोप था कि रवीना सोशल मीडिया पर किसी से लगातार चैट कर रही थी। उसने कई बार पत्नी को समझाया और सोशल मीडिया इस्तेमाल न करने की हिदायत दी, लेकिन रवीना नहीं मानी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था।

गुस्से में धक्का दिया, सिर टकराया और हुई मौत
घटना वाले दिन फिर दोनों के बीच इसी मुद्दे पर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर देवनारायण ने रवीना को जोरदार धक्का दे दिया। धक्के से रवीना का सिर पास में रखी चारपाई से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोट लगी। रवीना अचेत होकर गिर पड़ी और नाक से खून बहने लगा। आरोपी को लगा कि पत्नी की मौत हो चुकी है।
हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश
पत्नी की मौत मानते हुए देवनारायण ने गमछे से फंदा बनाकर शव को पंखे से लटका दिया। इसके बाद वह मौके से बाहर चला गया ताकि हत्या को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। हालांकि ग्रामीणों को संदेह हुआ और सूचना पुलिस तक पहुंची।
पुलिस जांच में खुला राज, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों से साफ हो गया कि यह हत्या का मामला है। आरोपी पति देवनारायण को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की छानबीन कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



