
डेंटल कॉलेज मेस में छात्रों की सेहत से खिलवाड़! खाने में निकला मरा मेंढक, मचा हड़कंप
राजनांदगांव। शहर के डेंटल कॉलेज की मेस में छात्रों की सेहत से खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। मेस में परोसी गई सब्जी में मरा हुआ मेंढक मिलने से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद नाराज छात्रों ने भोजन का बहिष्कार करते हुए मेस प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
छात्रों के मुताबिक, यह घटना बीती रात भोजन के दौरान सामने आई। जैसे ही सब्जी परोसी गई, प्लेट में मरा मेंढक दिखाई दिया। इसके बाद छात्रों ने तुरंत वीडियो और फोटो बनाए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। छात्रों का कहना है कि मेस की साफ-सफाई और खाने की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
जांच में फूड सेफ्टी टीम को मिले एक्सपायरी सामान
मामले की सूचना मिलते ही फूड सेफ्टी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मेस की गहन जांच की। किचन, स्टोर रूम और खाद्य सामग्री की जांच के दौरान कई एक्सपायरी मसाले, जीरा, मिर्च पाउडर सहित अन्य खाद्य पदार्थ पाए गए। इसके साथ ही बिना FSSAI प्रमाणन और प्रतिबंधित सामग्री भी बरामद हुई, जिसे टीम ने जब्त कर सैंपल के तौर पर संग्रहित किया। फूड सेफ्टी अधिकारियों ने मेस संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में गंभीर लापरवाही सामने आई है।

नियमों के उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
फूड सेफ्टी विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मेस प्रबंधन के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कॉलेज प्रबंधन को मेस संचालन पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। घटना के बाद छात्रों में भारी आक्रोश है। छात्रों ने मेस ठेकेदार को तत्काल बदलने, भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच और स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।
कॉलेज प्रबंधन का बयान
कॉलेज प्रशासन ने कहा है कि फूड सेफ्टी विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ उचित और कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि छात्रों की सेहत से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



