
Chhattisgarh: डेम किनारे जुए की महफिल पर पुलिस का छापा, 5 जुआरी गिरफ्तार, ₹2.43 लाख नकद जब्त
खैरागढ़। जिले में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खैरागढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गातापार थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडेलाटोला जंगल में डेम के पास चोरी-छिपे चल रही जुए की महफिल पर पुलिस ने छापा मारते हुए पांच जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। मौके से बड़ी मात्रा में नकद रकम समेत जुआ सामग्री बरामद की गई है।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि मंडेलाटोला जंगल के अंदर बांध किनारे कुछ बाहरी लोग पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर अचानक दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भागने में सफल हो गए, लेकिन पांच आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

नकदी, ताश और मोबाइल जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से 52 पत्ती ताश, मोबाइल फोन और बड़ी मात्रा में नकद राशि बरामद की। पुलिस के अनुसार कुल जब्ती की कीमत करीब 2 लाख 43 हजार रुपये आंकी गई है।
अलग-अलग जिलों के हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में खैरागढ़ निवासी दिलीप खत्री और देवा राजपूत, रायपुर निवासी कुंदन निर्मलकर, राजनांदगांव निवासी मकसुदन खरे और भिलाई-3 निवासी निलकंठ साहू शामिल हैं। सभी आरोपी जंगल में बैठकर पैसों का दांव लगाते हुए जुआ खेल रहे थे।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


