
Durg: मामूली विवाद बना मौत की वजह, कैंसर पीड़ित बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई कर हत्या
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सड़क पर हुई मामूली नोकझोंक ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। दुपहिया वाहन को लापरवाही से चलाने की समझाइश देना 66 वर्षीय कैंसर मरीज विक्रम राय को भारी पड़ गया। गुस्से में आए युवक ने बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना में बुजुर्ग के साथ मौजूद उनके साथी को भी गंभीर चोटें आई हैं।
बाइक चलाने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार विक्रम राय अपने साथी सुनील राय के साथ एक ही बाइक पर लिंक रोड कैंप-2 से गुजर रहे थे। उसी दौरान एक अन्य युवक तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चला रहा था, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। यह देख विक्रम राय ने युवक को सही तरीके से वाहन चलाने की समझाइश दी।

गुस्से में युवक ने किया हमला
समझाइश देना युवक को नागवार गुजरा। वह अचानक आक्रोशित हो गया और दोनों के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट पर उतर आया। आरोपी ने विशेष रूप से विक्रम राय को निशाना बनाते हुए उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
साथी भी गंभीर रूप से घायल
घटना के दौरान विक्रम राय के साथ मौजूद सुनील राय को भी आरोपी युवक ने पीटा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। उनका अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
मामले की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



