
Raigarh: घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शांति भंग करने वाले 5 अनावेदकों को जेल भेजा
रायगढ़। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पांच अनावेदकों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत की गई। पुलिस ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में शांति भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

पेट्रोलिंग के दौरान हुई बहस और हंगामा
7 जनवरी 2026 को थाना घरघोड़ा के सहायक उप निरीक्षक रामसजसीवन वर्मा पुलिस स्टाफ के साथ नियमित पेट्रोलिंग पर थे। घरघोड़ा बस स्टैंड और ग्राम चुहकीमार क्षेत्र में बाहरी फेरी करने वालों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान अर्जुन गोगल्या (25 वर्ष, पिता बाबूलाल गोगल्या), नौशाद (35 वर्ष, पिता अब्दुल कलाम), पंकज कछुआ (23 वर्ष, पिता गोवर्धन कछुआ) और वकील कछुआ (35 वर्ष, पिता नाथुलाल कछुआ) ने पुलिसकर्मियों से अनावश्यक बहस शुरू कर दी और शोर-शराबा मचाया।
पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद ये चारों आक्रोशित होते गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव के निर्देशन में इन्हें थाने लाया गया, जहां उन्होंने फिर हंगामा और अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद इन चारों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तारी और प्रतिबंधात्मक इस्तगाशा तैयार कर कार्रवाई की गई।
कोयला खदान क्षेत्र में नशे में विवाद करने वाला भी गिरफ्तार
एक अलग मामले में तिल्लाईपल्ली कोयला खनन परियोजना क्षेत्र में शांति भंग की आशंका पर पुलिस ने रामलाल राठिया (33 वर्ष, पिता फुल सिंह राठिया, निवासी चोटीगुड़ा) के खिलाफ कार्रवाई की। रामलाल शराब के नशे में बेस्ट बीट खदान क्षेत्र में बार-बार पहुंचकर विवाद, झगड़ा और मारपीट करता था।
सुरक्षाकर्मियों द्वारा थाने लाए जाने और समझाइश के बाद भी उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। थाना प्रभारी के निर्देशन में उसके खिलाफ भी धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया।
सभी आरोपी न्यायालय में पेश, जेल भेजे गए
गिरफ्तार अनावेदकों में अर्जुन गोगल्या, नौशाद, पंकज कछुआ, वकील कछुआ और रामलाल राठिया शामिल हैं। सभी को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



