
सोना-चांदी चमकाने के नाम पर 10 लाख की ठगी, 2 लाख नकद और जेवर के साथ आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद। थाना महासमुंद क्षेत्र में सोना–चांदी चमकाने के बहाने बड़ी ठगी करने वाले आरोपी को महासमुंद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बिहार के सबौर, जिला भागलपुर से आरोपी कन्हैया प्रसाद शाह (44 वर्ष) को धरदबोचा है। आरोपी के कब्जे से सोना-चांदी के जेवर, जेवर चमकाने का पाउडर और ₹2 लाख नगद बरामद किए गए हैं।

ऐसे दिया ठगी को अंजाम
दिनांक 23 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 11:30 बजे, दो अज्ञात व्यक्ति महासमुंद शहर में पहुंचकर श्रीमती सरिता चंद्राकर से मिले। पहले आरोपियों ने पीतल की बाल्टी साफ कर विश्वास में लिया। इसके बाद सोना चमकाने का झांसा देकर महिला के 4 सोने के कंगन और 1 अंगूठी गरम पानी में डालवाए और मौका पाकर फरार हो गए। ठगी गई संपत्ति की अनुमानित कीमत ₹10 लाख बताई गई है।
CCTV और साइबर तकनीक से खुला राज
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली महासमुंद में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद महासमुंद पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने दबिश देकर आरोपी कन्हैया प्रसाद शाह को बिहार से गिरफ्तार किया।

क्या-क्या हुआ जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—
सोना-चांदी के जेवर
जेवर चमकाने का पाउडर/सामग्री
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
₹2,00,000 नगद
जप्त किया है।
आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली महासमुंद में धारा 318(4), 3(5) BNS के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



