
खेत से मटर तोड़ने पर बच्चों को तालिबानी सजा, हाथ-पैर बांधकर की पिटाई
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। खेत से मटर तोड़ने के आरोप में गांव के मासूम बच्चों को तालिबानी सजा दी गई। आरोपियों ने बच्चों के हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पिटाई की और इस अमानवीय कृत्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लडुवा का है।

मटर तोड़ने का आरोप, मासूमों पर कहर
जानकारी के मुताबिक, कुछ बच्चों पर खेत से मटर तोड़ने का आरोप लगाया गया था। आरोपियों ने बच्चों की उम्र और मासूमियत की परवाह किए बिना उन्हें पकड़कर हाथ-पैर बांधे और बेरहमी से पीटा। बच्चों की चीख-पुकार के बावजूद किसी ने रहम नहीं किया। पूरी घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
पिता की शिकायत पर पुलिस हरकत में
पीड़ित बच्चों के पिता ने इस मामले की शिकायत राजपुर थाने में दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया, जिससे वे मानसिक रूप से भयभीत और आहत हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत
थाना प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का साफ कहना है कि बच्चों के साथ हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इलाके में आक्रोश, कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि बच्चों के साथ इस तरह की दरिंदगी करने वालों को कड़ा सबक सिखाया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिम्मत न कर सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



