
सरगुजा में शराब के नशे में पत्नी की हत्या, पति गिरफ्तार
सरगुजा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में धुत पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति घर में ही सो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है
मामूली विवाद बना जानलेवा
जानकारी के अनुसार, सरगुजा जिले के ग्राम पुटा निवासी इंदरसाय मझवार सोमवार रात शराब पीकर घर पहुंचा था। इसी दौरान उसकी पत्नी नईहारो मझवार (40 वर्ष) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। रात करीब 12 बजे विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने डंडे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी।

डंडे से पीटकर की हत्या
मारपीट के दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और बेहोश हो गई। इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका और लगातार पिटाई करता रहा, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद घर में सो गया आरोपी
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी पति घर में ही सो गया। सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी पति इंदरसाय मझवार को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला उदयपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



