
धान खरीदी में 6.55 करोड़ का घोटाला, फड़ प्रभारी गिरफ्तार, बाकी आरोपियों की तलाश जारी
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में धान खरीदी व्यवस्था को दागदार करने वाला करोड़ों का बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। खरीफ विपणन वर्ष 2024–25 के दौरान धान खरीदी केंद्र कोनपारा में हुए घोटाले को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) की रिपोर्ट पर पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव (39) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि मामले के अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
जांच में खुला बड़ा खेल
अपेक्स बैंक जशपुर के नोडल अधिकारी राम कुमार यादव की रिपोर्ट के मुताबिक, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोनपारा के धान खरीदी उपकेंद्र में रिकॉर्ड में 1,61,250 क्विंटल धान खरीदी दर्शाई गई, जबकि मिलों और संग्रहण केंद्रों को सिर्फ 1,40,663.12 क्विंटल धान ही भेजा गया। यानी 20,586.88 क्विंटल धान गायब पाया गया। संयुक्त जांच दल द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में मौके पर धान मौजूद नहीं मिला और रिकॉर्ड से भारी अंतर की पुष्टि हुई।

शासन को 6 करोड़ 55 लाख से ज्यादा का नुकसान
जांच में प्रति क्विंटल 3100 रुपये की दर से धान की कीमत 6 करोड़ 38 लाख 19 हजार 328 रुपये और धान पैकिंग में उपयोग किए गए। 4,898 नग बारदाने की कीमत 17 लाख 07 हजार 651 रुपये आंकी गई। इस तरह शासन को कुल 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपये की आर्थिक क्षति होना सामने आया है।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ अपराध
पुलिस ने इस मामले में
- भुनेश्वर यादव (प्राधिकृत अधिकारी)
- जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक)
- शिशुपाल यादव (फड़ प्रभारी)
- जितेंद्र साय (कंप्यूटर ऑपरेटर)
- अविनाश अवस्थी (सहायक फड़ प्रभारी)
- चंद्र कुमार यादव (उप सहायक फड़ प्रभारी)
के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 320, 336, 338 और 61 के तहत मामला दर्ज किया है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी
एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि अपेक्स बैंक की रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जांच आगे भी जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



