
5 लाख की इनामी महिला नक्सली ने किया सरेंडर, Dhamtari SP ऑफिस पहुंचकर डाली बंदूक
धमतरी। छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान को एक बड़ी सफलता मिली है। 5 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली ने माओवादी हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए धमतरी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। आत्मसमर्पण करने वाली नक्सली भूमिका उर्फ गीता उर्फ लता उर्फ सोमारी (37 वर्ष) है, जो नगरी एरिया कमेटी सदस्य और गोबरा LOS कमांडर के रूप में सक्रिय थी।

यह सरेंडर छत्तीसगढ़ शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति तथा धमतरी पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे ऑपरेशन, सिविक एक्शन, पोस्टर-बैनर और जनजागरूकता अभियान का प्रत्यक्ष परिणाम माना जा रहा है।
SP और ASP के सामने किया आत्मसमर्पण
इनामी महिला नक्सली ने पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय के समक्ष आत्मसमर्पण किया। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के मार्गदर्शन और आईजी रायपुर रेंज अमरेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में संपन्न कराई गई।
क्यों छोड़ा नक्सल संगठन?
पूछताछ में भूमिका उर्फ गीता ने बताया कि—
- लंबे समय तक संगठन में रहने से पारिवारिक और दांपत्य जीवन से वंचित रही
- संगठन के भीतर भेदभावपूर्ण व्यवहार
- माओवादी विचारधारा से निराश और क्षुब्ध होकर
उसने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया।
नक्सली इतिहास पर एक नजर
भूमिका उर्फ गीता वर्ष 2005 से नक्सली संगठन में सक्रिय रही—
▪️ 2010 तक प्लाटून-01 में कार्य
▪️ 2011–2019 तक CCM संग्राम की गार्ड
▪️ 2019–2023 तक सीनापाली एरिया कमेटी ACM
▪️ सितंबर 2023 से गोबरा LOS कमांडर
वर्तमान में सदस्यों की कमी के चलते नगरी–सीतानदी एरिया कमेटी के साथ संयुक्त रूप से सक्रिय थी।

इन मुठभेड़ों में रही शामिल
▪️ 2010 – महासमुंद (पड़कीपाली) मुठभेड़
▪️ 2014 – मैनपुर मोतिपानी जंगल
▪️ 2016 – नुआपाड़ा (ओडिशा)
▪️ 2018 – बीजापुर तिमेनार जंगल
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



