
ED की बड़ी कार्रवाई,यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी
करोड़ों के लेन-देन की जांच, सोशल मीडिया जगत में हड़कंप
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उत्तर प्रदेश के चर्चित सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी से जुड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय एजेंसी ने इस संबंध में कई ठिकानों पर छापेमारी की, जिनका सीधा या परोक्ष संबंध अनुराग द्विवेदी से बताया जा रहा है।

अवैध ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क की जांच
ईडी के अनुसार, यह कार्रवाई एक अंतरराज्यीय अवैध ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क से जुड़े धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) मामले में की गई है। जांच एजेंसी का कहना है कि इस नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध लेन-देन किया गया, जिसे अलग-अलग माध्यमों से घुमाकर वैध दिखाने की कोशिश की गई।
महंगी गाड़ियों और संपत्तियों पर नजर
सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान ईडी ने कई अहम दस्तावेज, डिजिटल सबूत और संपत्तियों से जुड़ी जानकारियां जुटाई हैं। बताया जा रहा है कि जांच के दायरे में महंगी लग्जरी गाड़ियां और अन्य कीमती संपत्तियां भी शामिल हैं, जिनकी खरीद को संदिग्ध लेन-देन से जोड़कर देखा जा रहा है।
सोशल मीडिया के जरिए प्रमोशन का शक
ईडी इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और यूट्यूब चैनल के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स और वेबसाइट्स का प्रमोशन किया गया। अगर ऐसा पाया जाता है तो मामला और गंभीर हो सकता है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



