
Raipur: विधायक रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह हिरासत में, हिट एंड रन मामले में बाइक सवार गंभीर घायल
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर हिट एंड रन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भरतपुर-सोनहत विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह के बेटे बलवंत सिंह उर्फ लक्की सिंह (34 वर्ष) को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना में तेज रफ्तार कार से कुचले गए बाइक सवार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है।

घटना का विवरण
मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम के पास का है। रविवार-सोमवार की दर्मियानी रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक त्रिभुवन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है और हालत नाजुक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि कार लक्की सिंह चला रहे थे, जो अपने दोस्त की गाड़ी से आरंग की तरफ से तेलीबांधा आ रहे थे। कार में लक्की सिंह के अलावा दो युवक और दो युवतियां सवार थीं। टक्कर मारने के बाद लक्की सिंह मौके से दूसरी कार से फरार हो गए, जबकि अन्य तीन साथी भी भाग निकले।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी लक्की सिंह को हिरासत में ले लिया। तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि आरोपी लक्की सिंह के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मानव जीवन को खतरे में डालने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वैधानिक कार्रवाई चल रही है और पूछताछ की जा रही है।
फरार तीन आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



