
Bilaspur: जमीन विवाद में बवाल, पुलिस अधिकारी ASI संजय शर्मा घायल, दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज
बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम पंधी में जमीन और कोठार की घेराबंदी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद अचानक हिंसक हो गया। जमकर हुई मारपीट में महिलाएं और बुजुर्ग भी घायल हो गए। एक पक्ष में तारबाहर थाना में पदस्थ एएसआई संजय शर्मा शामिल हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध दर्ज कर निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है।
एक पक्ष की शिकायत
बीबीए छात्र राजीव शर्मा ने सीपत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह करीब 9:30 बजे वह अपनी बहन के साथ कोठार पहुंचा था। वहां हितेश शर्मा द्वारा लगाई गई जाली तार की घेराबंदी हटाने के दौरान कहासुनी हो गई। आरोप है कि हितेश शर्मा, रमेश शर्मा और बबली शर्मा ने गाली-गलौज करते हुए पत्थर और डंडों से हमला कर दिया।
राजीव शर्मा के मुताबिक, बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता एएसआई संजय शर्मा पर भी आरोपियों ने लोहे की वस्तु से हमला किया, जिससे उनके चेहरे और उंगली में गंभीर चोटें आईं। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दूसरे पक्ष का आरोप
दूसरी तरफ बबली शर्मा ने क्रॉस शिकायत दर्ज कराई कि एएसआई संजय शर्मा, राजीव शर्मा और आंचल शर्मा जबरन उनके कोठार की घेराबंदी काट रहे थे। विरोध करने पर संजय शर्मा ने लोहे की वस्तु से बबली के सिर पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गई।
बबली ने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके ससुर रमेश शर्मा और पति हितेश शर्मा के साथ भी मारपीट की गई। साथ ही गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही सीपत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जमीन विवाद से जुड़े दस्तावेजों की जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



