
Bhilai: कल्याण कॉलेज के प्राचार्य कक्ष में तोड़फोड़ करने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार, पहले ही 3 आरोपी जा चुके जेल
भिलाई। कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय भिलाई में हुई सनसनीखेज तोड़फोड़ और उत्पात मामले में दुर्ग पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। कॉलेज परिसर में अनाधिकृत रूप से घुसकर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और प्राचार्य कक्ष में उपद्रव मचाने वाले मुख्य षड्यंत्रकर्ता नितेश गुप्ता उर्फ निक्कू को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

ये है मामला
यह पूरा मामला 09 दिसंबर 2025 का है, जब कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेक्टर-7 भिलाई के प्राचार्य कक्ष में परीक्षा फार्म परीक्षण और हस्ताक्षर का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कॉलेज के पूर्व छात्र आकाश कनौजिया, दीपक पाल, आनंद यदु, नितेश गुप्ता, आशीष कालो, भौमित पटेल, अंशुल शर्मा सहित अन्य छात्र एकराय होकर कॉलेज परिसर में घुस आए।
प्राचार्य कक्ष में जमकर हंगामा
आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए प्राचार्य की टेबल पर रखे शासकीय दस्तावेजों को उठाकर फेंक दिया, दस्तावेज फाड़े और स्याही डालकर उन्हें नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं, शासकीय संपत्ति में तोड़फोड़ की गई और प्राचार्य को जूतों की माला पहनाने का प्रयास भी किया गया। प्राचार्य के नेम प्लेट पर स्याही फेंककर उसे विद्रूपित किया गया और कार्यालय के भीतर धक्का-मुक्की कर माहौल को भयावह बना दिया गया।
स्टाफ में फैला डर
घटना के बाद महाविद्यालय के कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया। प्राचार्य की शिकायत पर थाना भिलाई नगर में धारा 191(2), 221, 296, 324(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
मुख्य साजिशकर्ता निकला पूर्व मानसेवी शिक्षक
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस पूरी घटना का मास्टरमाइंड नितेश गुप्ता उर्फ निक्कू है, जो पूर्व में महाविद्यालय में मानसेवी शिक्षक के रूप में कार्य कर चुका है। पुलिस ने आरोपी को दिनांक 05 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस मामले में इससे पहले आकाश कनौजिया सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी
- नाम: नितेश गुप्ता उर्फ निक्कू
- निवासी: चंद्र नगर, कोहका, सुपेला
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



