
Bhilai में चाकूबाजी, सैलून संचालक के बेटे पर जानलेवा हमला
दुर्ग जिले के भिलाई क्षेत्र में रविवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दुकान बंद कर घर लौट रहे एक युवक पर अज्ञात नकाबपोश ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
दुकान बंद कर लौटते वक्त किया हमला
पुलिस के अनुसार शिव मंदिर के पास उड़िया मोहल्ला निवासी सैलून संचालक, जो 18 नंबर रोड पर पटेल डेयरी के पास ‘द क्लासिक कट्स’ नाम से सैलून चलाते हैं, का बेटा पूनाराम सेन उर्फ विक्की रविवार रात करीब 9.30 बजे दुकान बंद कर घर लौट रहा था। जैसे ही वह अपने घर के पास गली में पहुंचा, वहां पहले से मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर अचानक हमला कर दिया।

गमछा बांधकर की चाकूबाजी, पीठ में लगा वार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने अपने मुंह में गमछा बांध रखा था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी। आरोपी के हाथ में चाकू था और उसने युवक पर जान से मारने की नीयत से प्राणघातक वार किया। चाकू युवक की पीठ में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुका था।
परिजनों में मचा हड़कंप, अस्पताल में भर्ती
घटना की जानकारी मिलते ही घायल युवक के पिता और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल युवक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



