
ब्रेड फैक्ट्री में छापेमारी: 8 संदिग्ध बांग्लादेशी हिरासत में, 4 नाबालिग भी शामिल
सूरजपुर (छत्तीसगढ़): जिले में अवैध घुसपैठ की आशंका के बीच एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस ने एक ब्रेड फैक्ट्री पर छापेमारी कर 4 नाबालिगों सहित कुल 8 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। इन सभी पर बांग्लादेशी नागरिक होने का शक है।
बजरंग दल की शिकायत पर हुई कार्रवाई
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इन संदिग्धों की शिकायत दर्ज कराई थी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ब्रेड फैक्ट्री में काम कर रहे इन लोगों को पकड़ा। सभी संदिग्ध फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। पुलिस पूछताछ में इनके दस्तावेजों और पहचान की जांच कर रही है। फिलहाल किसी के खिलाफ औपचारिक मामला दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन जांच जारी है।

ऑपरेशन समाधान के तहत सघन जांच अभियान
बांग्लादेश में चल रही हिंसा और सीमा पार अवैध घुसपैठ की बढ़ती आशंकाओं के मद्देनजर छत्तीसगढ़ पुलिस ने स्तर पर ‘ऑपरेशन समाधान’ शुरू किया है। इस अभियान के अंतर्गत अन्य राज्यों से आए लोगों की पहचान और दस्तावेजों की गहन तस्दीक की जा रही है।
रायपुर में सामने आए सैकड़ों संदिग्ध
एक सप्ताह पहले राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक हजार से अधिक लोगों की जांच की थी। इसमें करीब 100 संदिग्ध व्यक्ति सामने आए थे। पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि इनमें कुछ बांग्लादेशी नागरिक या रोहिंग्या घुसपैठिए शामिल हो सकते हैं। अन्य शहरों में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



