
CRPF अफसर बनकर डॉक्टर से 4 लाख की ठगी, फर्जी इलाज के नाम पर खाते से उड़ाई रकम
रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने एक बार फिर नया तरीका अपनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इस बार ठगों ने खुद को CRPF का अफसर बताकर एक होम्योपैथिक डॉक्टर को झांसे में लिया और इलाज व मेडिकल बिल भुगतान के नाम पर करीब 4 लाख रुपये उनके बैंक खाते से उड़ा लिए।

इलाज के नाम पर रची गई साजिश
न्यू पुरैना मारुति रेसिडेंसी निवासी डॉ. शिवकुमार सिंह, जो कालीबाड़ी इलाके में क्लिनिक संचालित करते हैं, को 29 नवंबर को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को CRPF अफसर बताया और कहा कि कैम्प के 35 जवानों के इलाज की जरूरत है। सरकारी भुगतान के नाम पर डॉक्टर से कहा गया कि पहले उनका बैंक अकाउंट “वैलिडेट” करना जरूरी है।
वीडियो कॉल से बढ़ाया भरोसा
ठगों ने डॉक्टर के सहयोगी को अलग नंबर से वीडियो कॉल कर बैंक डिटेल्स लीं। इस दौरान पासवर्ड समेत गोपनीय जानकारी हासिल कर ली गई। इसके बाद डॉक्टर के PNB और SBI खातों से 3 लाख 98 हजार 984 रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर लिए गए।

खाता तो ब्लॉक हुआ
डॉ. सिंह ने ठगी का अहसास होते ही करीब 5 घंटे के भीतर खाते ब्लॉक कराए और सेंट्रल पोर्टल पर शिकायत दर्ज की। कुछ खाते सीज भी किए गए, लेकिन तब तक ठग रकम निकाल चुके थे। सीज खातों में केवल 3 हजार रुपये ही होल्ड हो पाए। घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने साइबर ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल्स, बैंक ट्रांजैक्शन और संबंधित खातों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



