
Raipur में यातायात पुलिस का PK अवतार, चौक-चौराहों पर अनोखे अंदाज में सड़क सुरक्षा का संदेश
रायपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के दूसरे दिन रायपुर यातायात पुलिस ने जागरूकता के लिए एक अनोखी और रोचक पहल की। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस ने PK फिल्म के प्रतिरूप में कलाकारों को उतारकर आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

मोर पिरोहिल नाट्य संस्था के कलाकारों ने फिल्म PK के नायक की वेशभूषा धारण कर, हेलमेट पहनकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लोगों को यातायात नियमों का महत्व समझाया। अभियान की शुरुआत शास्त्री चौक से की गई, जहां PK स्टाइल में रोचक संवादों के जरिए हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व पर जोर दिया गया।
PK अंदाज में मिला सीधा संदेश
कलाकारों ने बिना हेलमेट और सीट बेल्ट चलने वाले वाहन चालकों को रुकवाकर विनम्र और हास्यपूर्ण अंदाज में समझाइश दी कि नियमों का पालन सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
पूरे माह चलेगा जागरूकता अभियान
यातायात पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान PK प्रतिरूप में यह अभियान प्रतिदिन रायपुर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर चलाया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक यातायात नियमों का संदेश पहुंच सके।

यातायात पुलिस की अपील
▪️ दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें
▪️ चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट अवश्य लगाएं
▪️ यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित वाहन चलाएं
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



