
सड़क सुरक्षा को लेकर Dhamtari Police का सख्त संदेश, निकाली भव्य हेलमेट जागरूकता रैली
धमतरी। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत धमतरी पुलिस द्वारा लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सड़क सुरक्षा सप्ताह के दूसरे दिन धमतरी पुलिस ने शहर में भव्य हेलमेट जागरूकता रैली निकालकर आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति सचेत किया।

एक्सीडेंटल मौतों की चौंकाने वाली सच्चाई
रैली का शुभारंभ गांधी मैदान, धमतरी से हुआ, जिसे पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में पुलिस जवानों के साथ समाजसेवी संगठन, परिवहन एवं शिक्षा विभाग, स्कूली विद्यार्थी, बाइक चालक और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।धमतरी पुलिस के आंकड़ों के अनुसार जिले में एक्सीडेंटल मौत के आधे से अधिक मामले बिना हेलमेट बाइक सवारों से जुड़े हैं। इसे देखते हुए हेलमेट को लेकर सख्त संदेश दिया गया।
SP की दो टूक: हेलमेट कानून नहीं, जीवन रक्षा कवच
इस अवसर पर एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि हेलमेट केवल कानूनी बाध्यता नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा का अनमोल कवच है। उन्होंने अपील की कि बाइक चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य होना चाहिए, क्योंकि कई मामलों में चालक बच जाता है और पीछे बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल या मृत हो जाता है।

नारों और तख्तियों से दिया संदेश
रैली के दौरान “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा”,
“हेलमेट पहनें – सुरक्षित घर लौटें”,
“सावधानी हटी – दुर्घटना घटी”
जैसे नारों से शहर गूंज उठा।
स्कूली बच्चों ने हाथों में यातायात नियमों और नशा मुक्ति से संबंधित तख्तियाँ लेकर पैदल जागरूकता रैली भी निकाली।
दुर्घटनाओं में आई कमी
धमतरी जिले में वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 19% की कमी और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 6.21% की कमी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि यह सफलता सख्त कार्रवाई, जागरूकता अभियानों और जनता के सहयोग का परिणाम है। नववर्ष के दौरान नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर वाहन जब्त किए गए, जिससे दुर्घटनाओं पर नियंत्रण हुआ।

पूरे माह होंगे विशेष कार्यक्रम
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान स्कूल–कॉलेजों में कार्यशालाएं, जागरूकता रैलियां, चालक परामर्श सत्र, नेत्र परीक्षण शिविर और नियम उल्लंघन रोकथाम अभियान चलाए जाएंगे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



