
खूनी इश्क: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति पर कुल्हाड़ी से किया जानलेवा हमला
गुरुग्राम, 2 जनवरी 2026: हरियाणा के गुरुग्राम में अवैध संबंधों के चलते एक सनसनीखेज वारदात ने सभी को हिला कर रख दिया है। एक महिला ने अपने प्रेमी की मदद से अपने ही पति पर कुल्हाड़ी जैसे औजार से कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच कर रही है।
घटना कैसे हुई?
घटना मानेसर के खोह गांव में उस समय सामने आई जब पुलिस को एक स्कूल के पास एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि घायल व्यक्ति शिव शंकर को तुरंत फरीदाबाद के ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस जब उसका बयान लेने अस्पताल पहुंची तो डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए फिट नहीं बताया।

पुलिस जांच में पता चला कि शिव शंकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला है और मानेसर की एक कंपनी में काम करता है। वह अपनी पत्नी पूनम और बेटे के साथ खोह गांव में किराए के मकान में रहता था। दोनों की शादी 2012 में हुई थी।
अवैध संबंधों का खुलासा और साजिश
पीड़ित की भाभी की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ। शिकायत में कहा गया कि शिव शंकर को हाल ही में पत्नी पूनम के अपने सहकर्मी मिंटू (या मंटू) के साथ अवैध संबंधों का पता चला था। इस बात को लेकर घर में लगातार झगड़े हो रहे थे।
मंगलवार को पूनम ने पति को बहला-फुसलाकर झरना मंदिर ले गई। मंदिर से लौटते समय स्कूटर पर जब दोनों VPS स्कूल के पास पहुंचे तो मिंटू ने स्कूटर को धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद मिंटू ने शिव शंकर को पीछे से पकड़ लिया और पूनम ने कुल्हाड़ी जैसे औजार से उसके चेहरे पर कई वार कर दिए। हमले के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
आरोपियों की गिरफ्तारी और कबूलनामा
शिकायत के आधार पर मानेसर पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया। गुरुवार को पुलिस ने पूनम और मिंटू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने पिछले छह महीनों से अवैध संबंध होने की बात कबूल की। पुलिस ने बताया कि घरेलू विवादों के बढ़ने पर शिव शंकर को खत्म करने की साजिश रची गई थी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



