
Ahamdabad: स्टॉक मार्केट निवेश धोखाधड़ी में ED की बड़ी कार्रवाई, 4 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अहमदाबाद जोनल ऑफिस ने स्टॉक मार्केट निवेश से जुड़ी एक बड़ी धोखाधड़ी के मामले में मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत अहम कार्रवाई की है। ईडी ने मुख्य आरोपी हिमांशु उर्फ पिंटू भावसार और उसके सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी कर 4 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
सोना-चांदी और नकदी की बड़ी बरामदगी
ईडी की कार्रवाई में आरोपियों के पास से करीब 110 किलोग्राम चांदी के बिस्किट, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2.4 करोड़ रुपए बताई जा रही है, जब्त किए गए हैं। इसके अलावा 1.296 किलोग्राम सोने के बिस्किट, जिनकी कीमत करीब 1.7 करोड़ रुपए है, भी बरामद किए गए हैं।

चांदी के गहने और विदेशी मुद्रा भी जब्त
ईडी ने छापेमारी के दौरान 39.7 किलोग्राम चांदी के गहने, 38.8 लाख रुपए नकद भारतीय मुद्रा और लगभग 10.6 लाख रुपए के बराबर विदेशी मुद्रा भी जब्त की है। साथ ही, कई चल-अचल संपत्तियों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए गए हैं।
अपराध की कमाई बताई गई संपत्तियां
ईडी के अनुसार, जब्त की गई सभी संपत्तियां स्टॉक मार्केट निवेश धोखाधड़ी से अर्जित की गई अपराध की कमाई हैं। इन संपत्तियों को पीएमएलए, 2002 के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया है।
मुख्य आरोपी और नेटवर्क की जांच जारी
इस मामले में मुख्य आरोपी हिमांशु उर्फ पिंटू भावसार बताया जा रहा है। ईडी अब उसके साथ जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की गहन जांच कर रही है। एजेंसी को आशंका है कि इस घोटाले में कई निवेशकों से करोड़ों रुपए की ठगी की गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



