
Raipur : सड़क सुरक्षा माह 2026 का आगाज़, हेलमेट रैली और जागरूकता रथ को दिखाई गई हरी झंडी
रायपुर। यातायात पुलिस रायपुर द्वारा सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ दो प्रमुख कार्यक्रमों के साथ किया गया। इस मौके पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। सड़क सुरक्षा माह के पहले कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट चौक स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष सुबह 10:30 बजे हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे नागरिकों के हाथों से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिससे यह संदेश दिया गया कि हेलमेट सुरक्षा का सबसे अहम साधन है।
150 से अधिक वाहन चालक हुए शामिल
हेलमेट रैली में 150 से अधिक हेलमेटधारी यातायात पुलिस स्टाफ, थाना पुलिस, एनजीओ प्रतिनिधि एवं स्वयंसेवी संगठन शामिल हुए। सभी वाहनों पर यातायात नियमों से संबंधित तख्तियां लगाई गई थीं।

इस अवसर पर डॉ. लाल उमेद सिंह, ए सएसपी रायपुर कुमार विश्वरंजन, सीईओ जिला पंचायत रायपुरडॉ. प्रशांत शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय शर्मा, समनि ट्रैफिक पीएचक्यू गुरजीत सिंह एवं सतीश ठाकुर, उप पुलिस अधीक्षक यातायात की गरिमामयी उपस्थिति रही। रैली में राष्ट्रीय सेवा योजना, प्रांजल सेवा समिति और सुरक्षित भवः फाउंडेशन के सदस्य भी सक्रिय रूप से शामिल हुए।
इन मार्गों से निकली हेलमेट रैली
कलेक्ट्रेट चौक से शुरू होकर रैली शास्त्री चौक, मरहीमाता चौक, फाफाडीह चौक, स्टेशन चौक, तेलघानी नाका, आमापारा तिराहा, आश्रम तिराहा, लाखेनगर चौक होते हुए पुरानी बस्ती थाना में संपन्न हुई। खास बात यह रही कि एसएसपी रायपुर सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी स्वयं हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाते नजर आए, जिससे आम नागरिकों को मजबूत संदेश दिया गया कि हेलमेट जीवन रक्षक है।
“हेलमेट आपकी जान बचाता है”
अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें सिर में गंभीर चोट के कारण होती हैं। हेलमेट पहनने से न केवल दुर्घटना में जान बचाई जा सकती है, बल्कि धूप, ठंड और बारिश से भी सुरक्षा मिलती है। “याद रखें, घर में आपकी कोई प्रतीक्षा कर रहा है” — इसी भावनात्मक संदेश के साथ नागरिकों से हेलमेट पहनने की अपील की गई।

ग्रामीण इलाकों के लिए यातायात जागरूकता रथ रवाना
सड़क सुरक्षा माह के दूसरे कार्यक्रम के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने के लिए ई-रिक्शा एवं तीन मालवाहक वाहनों को यातायात जागरूकता रथ के रूप में तैयार किया गयाइन रथों को न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे, अध्यक्ष सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी द्वारा सर्किट हाउस से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये जागरूकता रथ आगामी एक माह तक ग्रामीण अंचलों के सभी गांवों में पहुंचकर यातायात नियमों का प्रचार-प्रसार करेंगे और नागरिकों को पंपलेट वितरित किए जाएंगे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



