
टमाटर लोड पिकअप ने बाइक को रौंदा: एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत, ढाई साल की मासूम भी शामिल
कटनी, 2 जनवरी 2026: मध्य प्रदेश के कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हीरापुर और बड़गांव के बीच तेज रफ्तार टमाटर लोडेड पिकअप वाहन ने बाइक सवार एक परिवार को कुचल दिया, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में ढाई साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

हादसे का दिल दहला देने वाला विवरण
घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे की है। दमोह की ओर से टमाटर लेकर आ रहा तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक पर सवार सभी लोग सड़क पर बिखर गए और मौके पर ही तीन की मौत हो गई। चौथे घायल को तुरंत एम्बुलेंस से रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान पन्ना जिले के बगवार गांव निवासी अनु बसोर (32 वर्ष), उनकी ढाई साल की बेटी भारती बसोर, विनोद बसोर (30 वर्ष) और प्रेमलाल बसोर (32 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी मजदूरी करके कटनी जिले के बरजी गांव से अपने घर लौट रहे थे।
चालक फरार, पिकअप जब्त
हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। रीठी थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए रीठी अस्पताल भेजा गया है। मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



