
Korba: कोबरा सांप के डसने से गर्भवती महिला की मौत, खुशी आने से पहले परिवार में मातम
कोरबा (छत्तीसगढ़): जिले के करतला थाना क्षेत्र के टेंगरमार गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आठ माह की गर्भवती महिला को घर के आंगन में कोबरा सांप ने डस लिया, जिससे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस हादसे में गर्भ में पल रहा शिशु भी नहीं बच सका।
घटना का विवरण
मंगलवार दोपहर की यह घटना टेंगरमार गांव की है। गांव निवासी फिरतु राम मांझी सुबह काम के लिए केराकछार गए हुए थे। घर पर उनकी 23 वर्षीय पत्नी राधिका मांझी और अन्य परिजन मौजूद थे। दोपहर में राधिका जब घर के आंगन में बने टॉयलेट की ओर जा रही थीं, तभी रास्ते में गुजर रहे कोबरा सांप पर उनका बायां पैर पड़ गया।
उग्र हुए सांप ने राधिका के पैर से लिपटकर फन फैलाया और तीन जगह डस लिया। सांप के डसते ही राधिका की चीख सुनकर परिजन दौड़े आए। उन्होंने सांप को भागते देखा। गंभीर हालत में राधिका को तुरंत करतला स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

परिवार की खुशी मातम में बदली
पीड़िता के पति फिरतु राम मांझी ने बताया कि उनकी शादी राधिका से बीते साल फरवरी में हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही राधिका गर्भवती हो गईं और उनका इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा था। परिवार नए मेहमान की खुशी में डूबा था, लेकिन यह हादसा सब कुछ छीन ले गया। पत्नी के साथ-साथ गर्भस्थ शिशु की भी मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
परिजनों के अनुसार, यह कोबरा सांप पिछले कुछ दिनों से घर के आसपास की बाड़ी में दिखाई दे रहा था।
जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम कराया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में सर्पदंश की घटनाएं आम हैं, लेकिन यह हादसा पूरे गांव को गमगीन कर गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



