
दंतेवाड़ा में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी कामयाबी, 2025 में 272 नक्सलियों का आत्मसमर्पण
दंतेवाड़ा। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत वर्ष 2025 पुलिस के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों वाला रहा। इस दौरान कुल 272 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया, जिन पर शासन की ओर से 2 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वर्ष 2024 में यह संख्या 234 थी, जिन पर 90 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इससे साफ है कि वर्ष 2025 में न केवल आत्मसमर्पण की संख्या बढ़ी, बल्कि बड़े कैडर के नक्सलियों ने भी मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया।

35 नक्सलियों को किया गया गिरफ्तार
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के बैंक खाते खुलवाए गए हैं और उन्हें कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही राशन कार्ड और बस पास जारी कर उन्हें समाज से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई है। दंतेवाड़ा के एसपी गौरव राय के अनुसार वर्ष 2025 में UAPA सहित अन्य मामलों में 35 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया, जिन पर 17 लाख रुपये का इनाम था। वहीं मुठभेड़ों में 4 नक्सली मारे गए, जिन पर कुल 54 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
397 अपराधियों को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
नक्सल विरोधी अभियानों में DRG दंतेवाड़ा की भूमिका भी अहम रही। वर्ष 2025 में स्वतंत्र और संयुक्त अभियानों के जरिए कई बड़े कैडर के नक्सलियों को निष्क्रिय किया गया। उत्कृष्ट कार्य के लिए जवानों और अधिकारियों को विभिन्न पुरस्कारों और पदोन्नति से सम्मानित किया गया। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से जिले में अपराध दर में भी गिरावट दर्ज की गई है। गंभीर अपराधों में लगभग 7 प्रतिशत, अन्य अपराधों में 8.8 प्रतिशत और चोरी के मामलों में 14 प्रतिशत की कमी आई है। वर्ष 2025 में कुल 397 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

पुलिस कर्मियों को नए आपराधिक कानूनों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के तहत प्रशिक्षित किया गया है, जिससे जांच और कार्यकुशलता में सुधार हुआ है। साइबर अपराध के मामलों में भी सख्ती बढ़ाई गई है और देश के विभिन्न राज्यों से आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। दंतेवाड़ा पुलिस ने वर्ष 2026 के लिए लक्ष्य तय करते हुए मार्च 2026 तक जिले से सशस्त्र माओवाद के पूर्ण उन्मूलन, सड़क दुर्घटनाओं में कमी, साइबर अपराध पर त्वरित कार्रवाई और DIAL 112 सेवा के क्रियान्वयन का संकल्प लिया है।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



