
इंस्टाग्राम रील के चक्कर में सड़क पर स्टंट, IPS अंकिता शर्मा ने युवकों को लगाई फटकार
राजनांदगांव। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज़ की होड़ में कानून को ताक पर रखने वालों के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। इंस्टाग्राम पर वायरल हुए एक वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई, जिसमें कुछ युवक तेज रफ्तार वाहनों से सड़क पर स्टंट करते हुए नजर आए। वीडियो में नाबालिग बच्चों को भी गाड़ियों में बैठाकर खतरनाक तरीके से वाहन चलाए जा रहे थे, जिससे आम लोगों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया था।
एक अन्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर थाना बसंतपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वायरल वीडियो के आधार पर छह वाहनों की पहचान की। इनमें क्रेटा, जिप्सी और स्कॉर्पियो जैसी गाड़ियां शामिल थीं। पुलिस ने थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 611/2025 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 285 एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 182(1)(क) के तहत मामला दर्ज किया। कार्रवाई के दौरान पांच वाहनों को जब्त किया गया, जबकि चालकों को गिरफ्तार कर जमानत पर रिहा किया गया है। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

एसपी अंकिता शर्मा ने दी चेतावनी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अंकिता शर्मा ने स्वयं नाबालिगों और उनके परिजनों की काउंसलिंग की। उन्होंने बच्चों को समझाया कि रील और रोमांच के चक्कर में अपनी और दूसरों की जिंदगी से खिलवाड़ करना अपराध है। वहीं अभिभावकों को भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने की सलाह दी गई। राजनांदगांव पुलिस ने साफ किया है कि सड़क पर स्टंट, तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी खतरनाक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते हादसों को रोका जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



