
धौलपुर: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी बर्खास्त RAC जवान को वृंदावन से गिरफ्तार, बुर्का और लिपस्टिक लगाकर छिपा था फरारी
धौलपुर, 31 दिसंबर 2025: राजस्थान के धौलपुर जिले में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे पूर्व RAC जवान राजेंद्र सिसोदिया उर्फ रामभरोसी को पुलिस ने बड़ी सफलता के साथ उत्तर प्रदेश के वृंदावन से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पहचान छिपाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया था – वह बुर्का पहनकर और होठों पर लिपस्टिक लगाकर मुस्लिम महिला के भेष में छिपा हुआ था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे धौलपुर लाकर कोतवाली थाने में रखा है, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना का विवरण
यह मामला धौलपुर कोतवाली थाना क्षेत्र की पोखर कॉलोनी का है। 15 दिसंबर को आरोपी राजेंद्र सिसोदिया ने पीड़िता के पिता से अस्पताल में मुलाकात के दौरान रेलवे पुलिस में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। फॉर्म और एडमिट कार्ड देने के बहाने उसने नाबालिग लड़की को अपने घर बुलाया। पीड़िता अपने छोटे भाई के साथ आरोपी के घर पहुंची।

आरोप है कि राजेंद्र ने लड़की के भाई को दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने के बहाने बाहर भेज दिया। भाई के जाते ही उसने घर में अकेली नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ POCSO एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
फरारी के दौरान अपनाया अनोखा भेष
धौलपुर एसपी विकास सांगवान के अनुसार, 50 वर्षीय आरोपी राजेंद्र सिसोदिया पूर्व में आरएसी बटालियन में तैनात था, लेकिन इसी तरह के मामलों के कारण उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। उसके खिलाफ पहले भी पॉक्सो एक्ट, अपहरण और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। वह नौकरी का लालच देकर नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था और खुद को पुलिस इंस्पेक्टर या रिटायर्ड डिप्टी एसपी बताकर भरोसा कायम करता था।
फरारी के दौरान आरोपी लगातार हुलिया बदलता रहा। पुलिस को सूचना मिली कि वह वृंदावन में छिपा है। वहां वह बुर्का पहनकर, सिर मुंडवाकर और लिपस्टिक लगाकर महिला के रूप में रह रहा था, ताकि भीड़ में घुल-मिल जाए और पुलिस के शक से बच सके। पुलिस टीमों ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई स्थानों पर दबिश दी। अंततः गुुप्त सूचना पर वृंदावन में छापा मारकर उसे दबोच लिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



