
Raipur : सिविल लाइन थाने के पुलिसकर्मी की दबंगई ने खोली ‘डबल स्टैंडर्ड’ की पोल
बिना हेलमेट और दस्तावेजों के बाइक चलाने का आरोप, ऑनलाइन चालान के बाद भी नहीं सुधरे हालात
रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी जिन पर है, उन्हीं पर नियमों की अनदेखी के आरोप सामने आए हैं। सिविल लाइन थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी दुष्यंत जशपाल की हालिया गतिविधियों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या कानून का राज सिर्फ आम जनता के लिए है या वर्दीधारियों पर भी समान रूप से लागू होता है।

अवैध साइलेंसर और नियमों की अनदेखी का मामला
जानकारी के अनुसार संबंधित पुलिसकर्मी बिना हेलमेट, बिना वाहन बीमा और प्रदूषण प्रमाण-पत्र के साथ बाइक चला रहे थे। आरोप है कि बाइक में अवैध ढोलकी साइलेंसर भी लगा हुआ था, जिससे वे शहर में खुलेआम घूमते नजर आए। यह महज लापरवाही नहीं बल्कि यातायात नियमों की खुली अवहेलना मानी जा रही है।
पहले से जारी है ऑनलाइन चालान
सबसे चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि उक्त वाहन के नाम पर पहले ही ऑनलाइन चालान जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं किया गया। इस स्थिति ने पुलिस विभाग की आंतरिक अनुशासन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
आम जनता में उठ रहे सवाल
इस मामले के सामने आने के बाद आम लोगों में चर्चा है कि जब चालान और चेतावनी के बावजूद वर्दीधारी ही नियमों का पालन नहीं करते, तो आम नागरिकों से कानून पालन की अपेक्षा कैसे की जा सकती है।
विभागीय कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक विभागीय कार्रवाई की मांग की जा रही है, ताकि यह संदेश जाए कि कानून सभी के लिए समान है, चाहे वह आम नागरिक हो या वर्दीधारी कर्मचारी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



