
अवैध कॉल सेंटर घोटाला: ईडी ने मास्टरमाइंड चंद्र प्रकाश गुप्ता को किया गिरफ्तार
गुरुग्राम। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), गुरुग्राम आंचलिक कार्यालय ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से संचालित बड़े पैमाने पर अवैध कॉल सेंटर घोटाले के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने पीएमएलए, 2002 के तहत 13 दिसंबर 2025 को आरोपी चंद्र प्रकाश गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह गिरोह अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाकर ठगी को अंजाम दे रहा था।

विशेष न्यायालय ने ईडी हिरासत को दी मंजूरी
ईडी द्वारा गिरफ्तार आरोपी को माननीय विशेष न्यायालय (पीएमएलए), गुरुग्राम में पेश किया गया, जहां अदालत ने 24 दिसंबर 2025 तक अभियुक्त को ईडी हिरासत में भेजने की अनुमति दी। ईडी आरोपी से घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
दिल्ली-एनसीआर में 10 ठिकानों पर छापेमारी
इसके अलावा, ईडी ने इस घोटाले के मास्टरमाइंड और उसके सहयोगियों से जुड़े 19 और 20 दिसंबर 2025 को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में 10 अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कई परिसरों से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस बरामद किए गए।
करोड़ों के गहने, नकदी और लग्जरी वाहन जब्त
तलाशी के दौरान ईडी ने लगभग 1.75 करोड़ रुपये मूल्य के गहने, 10 लाख रुपये से अधिक की नकद राशि, चार हाई-एंड वाहन और आठ महंगी लग्जरी घड़ियां जब्त की हैं। ईडी का मानना है कि ये संपत्तियां अवैध कॉल सेंटर गतिविधियों से अर्जित की गई थीं।

जांच जारी, और गिरफ्तारियों की संभावना
ईडी अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



