
‘लाल सूटकेस’ की गुत्थी सुलझी: 20 लाख के लिए दिव्यांग की हत्या, वकील और पत्नी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में मोमिनपारा निवासी किशोर पैकरा (50) की हत्या जमीन के सौदे में 20 लाख रुपये के विवाद के चलते की गई। पुलिस ने इस मामले में वकील अंकित उपाध्याय और उनकी पत्नी शिवानी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पैकरा का गला धारदार हथियार से काटकर हत्या की और शव को लाल सूटकेस में पैक कर स्टील के ट्रंक में फेंक दिया।
जमीन बेचने के बाद शुरू हुआ विवाद
मृतक किशोर पैकरा

पुलिस के अनुसार, मृतक किशोर पैकरा अकेले रहता था और चलने-फिरने में असमर्थ था। उसने वकील अंकित उपाध्याय की मदद से मोहाडी गांव में अपना एक प्लॉट 50 लाख रुपये में बेचा था। हालांकि, अंकित ने सौदे में दलाली कर पैकरा को 20 लाख रुपये कम दिए। जब पैकरा ने बाकी रकम मांगी, तो अंकित ने इनकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया और पैकरा ने पुलिस में शिकायत की धमकी दी।
विश्वास जीतने के लिए भोजन पहुंचाता था आरोपी
एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि अंकित ने पैकरा का विश्वास जीतने के लिए उसकी देखभाल शुरू की। पैकरा के एक्सीडेंट के बाद वह चलने-फिरने में और असमर्थ हो गया था। अंकित सुबह-शाम उसके लिए भोजन लाता और उसकी देखभाल करता। इसी दौरान उसने पैकरा की प्रॉपर्टी पर नजर गड़ाई और हत्या की साजिश रची। अंकित के पिता छत्तीसगढ़ पुलिस से रिटायर्ड एएसआई हैं।
हत्या के बाद शव को सूटकेस में पैक किया
आरोपी अंकित और उसकी पत्नी शिवानी

पुलिस जांच में पता चला कि अंकित और उसकी पत्नी शिवानी ने मिलकर पैकरा की हत्या की। उन्होंने धारदार हथियार से उसका गला काटा और शव को सीमेंट में लपेटकर पहले लाल सूटकेस में बंद किया। इसके बाद सूटकेस को स्टील के ट्रंक में रखकर डीडी नगर इलाके में फेंक दिया।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज
डीडी नगर में शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक कार दिखी, जिसमें दो लोग शव वाला ट्रंक निकालते नजर आए। कार की नंबर प्लेट पर फर्जीवाड़ा किया गया था। फुटेज से अंकित और उसकी पत्नी की पहचान हुई। एक अन्य फुटेज में चेहरा ढकी एक महिला दोपहिया वाहन पर कार के पीछे जाती दिखी।
पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में अंकित और शिवानी ने हत्या की बात कबूल कर ली। अंकित चंगोराभाठा का रहने वाला है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर रायपुर लाया है और मामले की गहन जांच जारी है। यह हत्याकांड शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



