
Bhilai-3 नहर से मिला शव, मृतक की पहचान हुई
भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर छोटी पुलिया के पास स्थित नहर से मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।
स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे स्थानीय लोगों ने नहर के पानी में एक व्यक्ति को औंधे मुंह पड़े देखा। इसके बाद तत्काल भिलाई-3 पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई की।

मृतक की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान खुर्सीपार गौतम नगर निवासी सतीश प्रसाद (उम्र 44 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे में फिसलकर नहर में गिरने से उसकी मौत हुई हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सतीश प्रसाद नहर तक कैसे पहुंचा और घटना किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



