
Raipur : नशे में वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस की सख्ती जारी
राजधानी रायपुर की सड़कों पर नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। यह अभियान प्रतिदिन रात्रि 11 बजे से 2 बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों पर चेकिंग पाइंट लगाकर संचालित किया जा रहा है।
एक साल में 1523 नशेड़ी वाहन चालक पकड़े गए
यातायात पुलिस रायपुर ने वर्ष 2025 में जनवरी से दिसंबर तक कुल 1523 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। वहीं, दिसंबर माह (28 दिसंबर तक) में 52 और पिछले एक सप्ताह में 12 वाहन चालक पकड़े गए हैं।

ब्रीथ एनालाइजर से जांच, मौके पर वाहन जब्त
अभियान के दौरान ब्रीथ एनालाइजर मशीन की सहायता से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की जाती है। नशे की पुष्टि होने पर वाहन मौके पर ही जब्त कर यातायात मुख्यालय में सुरक्षित रखा जाता है। अर्थदंड जमा करने के बाद न्यायालय के आदेशानुसार वाहन सुपुर्दनामे पर दिया जाता है।
लाइसेंस निलंबन की भी कार्रवाई
शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध न्यायालयीन कार्रवाई के साथ-साथ लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी अलग से की जा रही है। वर्ष 2025 में अब तक 680 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं।

माहवार कार्रवाई का विवरण
•जनवरी: 120
•फरवरी: 196
•मार्च: 149
•अप्रैल: 111
•मई: 156
•जून: 136
•जुलाई: 57
•अगस्त: 261
•सितंबर: 155
•अक्टूबर: 40
•नवंबर: 89
•दिसंबर (28 दिसंबर तक): 52
कुल: 1523 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई
यातायात पुलिस रायपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब सेवन कर वाहन न चलाएं, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



