
Raipur : दुर्गा नगर के 120 परिवारों का पिरदा में विस्थापन प्रस्ताव पर बवाल, झुग्गी बस्ती वासियों ने नगर निगम के सामने किया प्रदर्शन
रायपुर। राजधानी रायपुर के दुर्गा नगर क्षेत्र में रहने वाले करीब 120 परिवारों को शहर से दूर पिरदा इलाके में विस्थापित करने के प्रस्ताव का जोरदार विरोध शुरू हो गया है। इस प्रस्ताव के खिलाफ EWS परिवार संघ के बैनर तले झुग्गी बस्ती के लोगों ने नगर निगम के सामने प्रदर्शन करते हुए महापौर के नाम जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव को ज्ञापन सौंपा।
पुश्तैनी आवास से विस्थापन का विरोध
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि दुर्गा नगर में रहने वाले परिवार पिछले 60 से 70 वर्षों से यहां निवासरत हैं और उन्हें उनके पुश्तैनी आवास से हटाना अन्यायपूर्ण है। लोगों ने नगर निगम के इस फैसले को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया।
पिरदा में न सुविधाएं, न रोजगार
झुग्गी बस्ती वासियों का कहना है कि जिस पिरदा क्षेत्र में उन्हें स्थानांतरित करने की योजना है, वहां
- बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं।
- रोजगार के अवसर नहीं हैं।
- बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर सीधा असर पड़ेगा।
लोगों ने कहा कि यह निर्णय उनके भविष्य को संकट में डालने वाला है।

दुर्गा नगर में ही पुनर्वास की मांग
प्रदर्शनकारियों ने रायपुर की जलविहार कॉलोनी का उदाहरण देते हुए मांग की कि जिस तरह वहां निवासियों को तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) के पास बीएसयूपी कॉलोनी बनाकर पुनर्वासित किया गया, उसी तर्ज पर दुर्गा नगर में ही पक्के आवास उपलब्ध कराए जाएं। पिरदा में आवास की चाबी लेने वाले कुछ परिवारों ने भी अब इस विस्थापन को अन्यायपूर्ण बताते हुए चाबियां वापस करने का ऐलान किया और आंदोलन में शामिल हो गए।
गरीब और दलित विरोधी नीति का आरोप
झुग्गी बस्ती वासियों ने इस फैसले को गरीब और दलित विरोधी नीति करार देते हुए कहा कि यह न केवल असंवैधानिक है बल्कि व्यावहारिक भी नहीं है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


