
Bilaspur: मार्निंग वॉक पर निकले प्रॉपर्टी डीलर को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, चालक फरार
बिलासपुर। शहर में बेलगाम रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। मार्निंग वॉक पर निकले एक प्रॉपर्टी डीलर को पीछे से तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे करीब 15 फीट उछलकर सड़क पर गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घायल को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने मारी जोरदार टक्कर
सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार, 27 दिसंबर को उसलापुर प्रकृति विहार निवासी प्रॉपर्टी डीलर रवि सिंह सुबह करीब 7 बजे मार्निंग वॉक के लिए निकले थे। वे उसलापुर स्मार्ट सिटी रोड पर अपने एक दोस्त से मोबाइल पर बात करते हुए सड़क किनारे पैदल चल रहे थे। इसी दौरान उसलापुर ब्रिज की ओर से आ रही तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार ने पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

15 फीट उछलकर गिरे, सिर-पैर में गंभीर चोट
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रवि सिंह करीब 15 फीट ऊपर उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में उनके सिर, हाथ, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
मौके पर पहुंचे दोस्त, निजी अस्पताल में कराया भर्ती
घटना की जानकारी मिलने पर उनके दोस्त मौके पर पहुंचे, जहां लोगों की भीड़ जमा थी। गंभीर रूप से घायल रवि सिंह को तत्काल निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
यह पूरी सड़क दुर्घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में कार चालक खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए जानबूझकर टक्कर मारकर फरार होते हुए नजर आ रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



