
Korba: निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर से लौट रहे डॉक्टर पर जानलेवा हमला, पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिविर के दौरान विवाद के बाद रास्ता रोककर की गई मारपीट
कोरबा। नेहरू शताब्दी अस्पताल (एनसीएच) गेवरा में पदस्थ चिकित्सक डॉ. अर्पण विश्वास पर रविवार को जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना उस समय हुई, जब डॉ. विश्वास अपनी मेडिकल टीम के साथ ग्राम रलिया में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर से लौट रहे थे। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सीएसआर के तहत आयोजित था निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
जानकारी के अनुसार, रविवार को ग्राम रलिया में सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच कराई। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ लोगों से विवाद हो गया, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठा।

रास्ता रोककर किया गया हमला
शिविर समाप्त होने के बाद जब डॉ. अर्पण विश्वास अपनी टीम के साथ वापस लौट रहे थे, तभी कुछ आरोपियों ने रास्ता रोक लिया और उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमला जानलेवा था, जिसमें डॉक्टर को गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही टीम के अन्य सदस्यों को भी डराया-धमकाया गया।
दीपका पुलिस ने दर्ज किया अपराध
घटना की सूचना मिलते ही दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



