
Raipur: धरसींवा में टोल प्लाजा पर ट्रक चालक पर हमला, चार आरोपी गिरफ्तार
पैसे मांगने से इनकार पर धारदार हथियार से किया हमला, दो नाबालिग भी हिरासत में
रायपुर। धरसींवा थाना क्षेत्र अंतर्गत तरपोंगी टोल प्लाजा पर देर रात ट्रक चालकों से जबरन पैसे मांगने और विरोध करने पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी वयस्क हैं, जबकि दो विधि के साथ संघर्षरत बालक बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और एक धारदार चाकू भी जब्त किया है।

रात 3:30 बजे की घटना
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी लवकुश तिवारी ने थाना धरसींवा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वह पेशे से ट्रक चालक है। 27-28 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात करीब 3:30 बजे वह अपने ट्रक से सफर के दौरान तरपोंगी टोल प्लाजा के पास चाय पीने रुका था।
200 रुपये की मांग, इनकार पर हमला
इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों में सवार चार युवक वहां पहुंचे और प्रार्थी से 200 रुपये की मांग करने लगे। जब ट्रक चालक ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौच शुरू कर दी और अपने पास रखे नुकीले धारदार हथियार से उसके बाएं जांघ पर हमला कर दिया। इस हमले में प्रार्थी घायल हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही धरसींवा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है, वहीं नाबालिग आरोपियों को किशोर न्याय अधिनियम के तहत प्रक्रिया में लिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



