
पराली बनी मौत का कारण! खेत में आग लगाते वक्त महिला जिंदा जली, धुआं देखकर दौड़े लोग लेकिन बचा नहीं सके जान
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेत में पराली जलाना एक महिला की मौत का कारण बन गया। कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम सेल में 46 वर्षीय महिला प्रभा साहू की आग की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, प्रभा साहू सुबह अपने खेत में फसल कटाई के बाद बची पराली को साफ करने के लिए आग लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक चली तेज हवा ने आग को भड़का दिया और महिला चारों ओर से आग और धुएं में घिर गई। पराली से उठे घने धुएं के कारण महिला का दम घुट गया और वह मौके पर ही गिर पड़ी।
धुआं देखकर दौड़े ग्रामीण, लेकिन तब तक हो चुकी थी देर
पास के खेत में काम कर रहे किसान रामू साहू ने जब दूर से धुआं उठता देखा तो उन्होंने शोर मचाया और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक प्रभा साहू की जान जा चुकी थी। घटना की सूचना तुरंत कसडोल थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस जांच में जुटी, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भाटापारा मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह हादसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सटीक कारणों की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतिका प्रभा साहू खेती-किसानी से जुड़ी थीं और उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



