
Durg: नए साल के जश्न पर पुलिस सख्त, सड़कों पर केक काटने और स्टंटबाजी पर होगी जेल
31 दिसंबर की रात हाई अलर्ट पर रहेगी पुलिस
दुर्ग-भिलाई। नए साल के जश्न को लेकर दुर्ग जिले में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 31 दिसंबर की रात और 1 जनवरी को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलेभर में सघन पुलिस पेट्रोलिंग की जाएगी। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि सड़कों पर केक काटने, हुड़दंग, स्टंटबाजी और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सड़कों पर हुड़दंग करने वालों पर रहेगी पैनी नजर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक नए साल के मौके पर सड़कों पर भीड़ जुटाकर जश्न मनाने, वाहनों से स्टंट करने और यातायात बाधित करने वालों पर इस बार विशेष निगरानी रहेगी। ऐसे मामलों में दोषियों को सीधे जेल भेजा जा सकता है।
कानून के दायरे में मनाएं जश्न: पुलिस
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नए साल का जश्न कानून के दायरे में रहकर मनाएं। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात मचाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चेकिंग पॉइंट और पेट्रोलिंग बढ़ाई गई
31 दिसंबर की रात जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। जगह-जगह चेकिंग पॉइंट बनाए जाएंगे और रातभर पेट्रोलिंग जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



