
जशपुर में सनसनीखेज लूट: नकाबपोश बदमाशों ने शिक्षक के घर धावा बोलकर परिवार को बनाया बंधक, चाकू से हमला कर लाखों के जेवर लूटे
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के करमीटिकरा गांव में देर रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है, जहां तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक शिक्षक के घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और चाकू के बल पर लाखों रुपये के जेवरात व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

घटना 26 दिसंबर की रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, फुलैता चौक करमीटिकरा निवासी शिक्षक गुलाब सिंह जगत के मकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर बदमाश घर में दाखिल हुए। उस समय घर में शिक्षक, उनकी पत्नी और दो बच्चे मौजूद थे।
विरोध करने पर चाकू से हमला
लूट के दौरान जब शिक्षक और उनके परिजनों ने विरोध किया, तो बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में शिक्षक सहित उनके परिजन घायल हो गए। हालांकि सभी को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश घर से मंगलसूत्र, सोने की टॉप्स और मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही जशपुर पुलिस मौके पर पहुंची। शिक्षक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तीन नकाबपोश आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस डॉग स्क्वायड और साइबर सेल की मदद ले रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, इस वारदात के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V थे



