
मैग्नेटो मॉल तोड़फोड़ केस: कार्रवाई के विरोध में बजरंग दल ने तेलीबांधा थाना का किया घेराव, सड़क पर बैठे कार्यकर्ता
रायपुर: राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में स्थित मैग्नेटो मॉल में हुई तोड़फोड़ की घटना को लेकर सियासी और सामाजिक माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। मामले में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को तेलीबांधा थाना के सामने चक्काजाम कर दिया, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

बड़ी संख्या में पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे और गिरफ्तार किए गए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग करते रहे। अचानक हुए इस प्रदर्शन से पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस को चकमा, बदली रणनीति
दरअसल, बजरंग दल ने पहले सिविल लाइन थाना पहुंचकर गिरफ्तारी देने की घोषणा की थी। इसे देखते हुए वहां कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। लेकिन कार्यकर्ताओं ने ऐन वक्त पर रणनीति बदलते हुए सीधे तेलीबांधा थाना पहुंचकर मुख्य सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जिससे पुलिस की व्यवस्था धरी की धरी रह गई।
24 दिसंबर को हुई थी मैग्नेटो मॉल में तोड़फोड़
बताया जा रहा है कि 24 दिसंबर को छत्तीसगढ़ बंद के दौरान 30 से 40 बजरंग दल कार्यकर्ता लाठी-डंडे और हॉकी स्टिक लेकर मैग्नेटो मॉल में घुस गए थे। आरोप है कि मॉल में मौजूद कर्मचारियों से धर्म और जाति पूछते हुए जमकर तोड़फोड़ की गई, जिससे स्टाफ और ग्राहक दहशत में आ गए थे। मैग्नेटो मॉल की मार्केटिंग हेड आभा गुप्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि मॉल बंद होने के बावजूद 50 से 100 लोग जबरन अंदर घुसे और भारी नुकसान पहुंचाया।
15 से 20 लाख के नुकसान का अनुमान
तोड़फोड़ की इस घटना में मॉल को करीब 15 से 20 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने 30 से 40 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

दर्जनभर कार्यकर्ता हिरासत में
शुक्रवार देर रात पुलिस और क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए करीब एक दर्जन बजरंग दल कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को हिरासत में लिया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। इसी कार्रवाई के विरोध में लगातार प्रदर्शन जारी है। फिलहाल तेलीबांधा थाना के सामने स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल लगाया गया है और मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



