
Raipur : प्रेम संबंध के शक में युवक की हत्या, दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छपोरा में हुई युवक की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए हिस्ट्रीशीटर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय ललित कुमार धीवर के रूप में हुई है, जिसकी हत्या प्रेम संबंध के शक में की गई थी।

गोठान के पास मिला था शव
23 दिसंबर 2025 को ग्राम छपोरा स्थित गोठान के पास खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव आंशिक रूप से जला हुआ था और सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में आई चोट से मौत की पुष्टि हुई।
प्रेम संबंध बना हत्या का कारण
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अर्जुन ध्रुव को अपनी बहन और मृतक के बीच प्रेम संबंध होने का शक था। इसी रंजिश में उसने अपने साथी अजीत कुमार लहरे उर्फ हरजीत के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
शराब पार्टी के बहाने ले गए थे साथ
21 दिसंबर को आरोपी मृतक को शराब पीने के बहाने मोटरसाइकिल से घटनास्थल के पास ले गए। वहां विवाद के बाद लोहे के स्टीक और लकड़ी के बत्ते से सिर पर हमला कर ललित कुमार की हत्या कर दी गई। पहचान छुपाने के लिए शव पर पैरा डालकर आग लगा दी गई।

सबूतों के साथ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने लगातार तीन दिन ग्राम छपोरा में कैंप कर जांच की। मुखबिर सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर मृतक की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए।
हिस्ट्रीशीटर है मुख्य आरोपी
आरोपी अजीत कुमार लहरे उर्फ हरजीत थाना विधानसभा का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 627/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



